मुंबई के कांदिवली में कमर्शियल बिल्डिंग में लगी आग, 11 लोगों को सुरक्षित बचाया गया मुंबई: मुंबई के कांदिवली पश्चिम में सोमवार सुबह एक कमर्शियल बिल्डिंग में आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना सुबह करीब 6 बजे की बताई जा रही है। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। बीएमसी के अनुसार, आग अभिराई होटल परिसर में लगी थी। दमकल कर्मियों ने इमारत की दूसरी मंजिल स्थित लॉजिंग हाउस से 11 लोगों को सीढ़ियों के रास्ते सुरक्षित बाहर निकाल लिया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आग मुख्य रूप से पास स्थित एक अस्थायी फल स्टॉल में रखी इलेक्ट्रिकल वायरिंग, इलेक्ट्रिकल इंस्टॉलेशन, लकड़ी के फर्नीचर, तिरपाल, बांस और प्लास्टिक सामग्री तक सीमित थी। बीएमसी ने बताया कि आग की लपटें तिरुपति बैंक्वेट की चौथी मंजिल तक भी पहुंचीं, जहां करीब 50 वर्ग फीट क्षेत्र में कपड़ों, लकड़ी के फर्नीचर और फॉल्स सीलिंग को नुकसान पहुंचा। इसके अलावा इमारत के बाहरी हिस्से में लगे एल्युमिनियम और प्लास्टिक की सजावटी शीट भी आग की चपेट में आ गईं। आग के कारण पूरी इमारत में धुआं भर गया था। दमकल कर्मियों ने समय रहते स्थिति पर काबू पाने के साथ ही इमारत में मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। अधिकारियों की ओर से नुकसान का विस्तृत आकलन भी किया जा रहा है।