मुंबई में मानसून से पहले ही बारिश ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराते हुए लोगों को भीषण गर्मी से राहत दी है। बुधवार (3 जून 2026) को शहर के पश्चिमी उपनगरों में प्री-मानसून बारिश देखने को मिली, जिससे मौसम सुहावना हो गया।
बोरीवली, सांताक्रूज़, वर्सोवा, अंधेरी, दहिसर, बांद्रा और खार जैसे इलाकों में बारिश की हल्की से मध्यम फुहारें पड़ीं। अचानक बदले मौसम ने जहां एक ओर लोगों को राहत दी, वहीं सड़कों पर कुछ स्थानों पर जलभराव और ट्रैफिक की धीमी गति भी देखी गई।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने पहले ही इस बदलाव का संकेत देते हुए येलो अलर्ट जारी किया था। विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं और मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है।
मंगलवार को सांताक्रूज़ और कोलाबा में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया था, जिससे उमस और गर्मी का असर साफ महसूस किया जा रहा था। हालांकि, बुधवार को बारिश के बाद तापमान में गिरावट आई और अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 27 डिग्री के आसपास रहने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, कोंकण क्षेत्र में 6 जून तक प्री-मानसून गतिविधियां जारी रहेंगी। वहीं दक्षिण-पश्चिम मानसून के 4 जून को केरल पहुंचने की संभावना है, जिसके बाद धीरे-धीरे यह मुंबई की ओर बढ़ेगा।
फिलहाल, मुंबई, ठाणे, पालघर और रायगढ़ जिलों में हल्की बारिश और उमस भरा मौसम बना रह सकता है। विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में बारिश की तीव्रता बढ़ सकती है, जिससे मानसून की औपचारिक एंट्री का रास्ता साफ होगा।
मुंबईकरों के लिए यह बारिश राहत के साथ-साथ मानसून की आहट भी लेकर आई है, जिसका सभी को बेसब्री से इंतजार था।
From BMC updates, local area developments, railway station news, and crime reports to the latest in politics, sports, Bollywood, lifestyle, travel, and education, we bring you news that’s relevant, reliable, and real-time
Undercover Editor © 2025 – Designed by iCreato