देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में नशे के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी-नारकोटिक्स सेल (ANC) ने ₹50 करोड़ से अधिक कीमत के ड्रग्स का भंडाफोड़ किया है। दक्षिण मुंबई के अग्रिपाड़ा इलाके में स्थित एक हाई-राइज इमारत में छापेमारी कर पुलिस ने मेफेड्रोन (MD) बनाने की पूरी फैक्ट्री का पर्दाफाश किया और तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई 26 मई को ‘यासमीन टॉवर’ की 10वीं मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में की गई। कांडिवली यूनिट को मिली गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने जाल बिछाकर फ्लैट नंबर 1004 पर छापा मारा। तलाशी के दौरान वहां ड्रग्स बनाने का पूरा सेटअप मिला, जिसे देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए।
छापेमारी में कुल 14.493 किलोग्राम मेफेड्रोन और उससे जुड़े कच्चे माल बरामद किए गए। इनमें 8.305 किलोग्राम लिक्विड एमडी (लगभग ₹29.08 करोड़) और 6.188 किलोग्राम पाउडर एमडी (लगभग ₹21.65 करोड़) शामिल हैं। इसके अलावा, ड्रग्स बनाने में इस्तेमाल होने वाले केमिकल्स, मशीनरी, एक देसी पिस्टल और 19 जिंदा कारतूस भी जब्त किए गए।
जांच में सामने आया है कि आरोपी फ्लैट के अंदर गैस स्टोव पर केमिकल्स उबालकर और फिर उन्हें सुखाकर ड्रग्स तैयार करते थे। इस प्रक्रिया से निकलने वाली तेज गंध को छिपाने के लिए वे पूरे दिन एयर कंडीशनर चालू रखते थे और अगरबत्ती व फ्रेगरेंस स्प्रे का इस्तेमाल करते थे, ताकि किसी को शक न हो।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने यह तकनीक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सीखी थी। प्रारंभिक जांच से यह भी पता चला है कि वे उत्पादन बढ़ाने के लिए किसी फार्महाउस की तलाश में थे, जिससे इस अवैध कारोबार को बड़े स्तर पर फैलाया जा सके।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शोएब मंसूरी (33), सूफियान मंसूरी (29) और मामुनी सरकार (23) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, शोएब के खिलाफ पहले से लूट, छिनैती और मारपीट के कई मामले दर्ज हैं। वहीं, मामुनी सरकार को शोएब की गर्लफ्रेंड बताया जा रहा है, जो बांग्लादेश की नागरिक बताई जा रही है।
तीनों आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंसेज (NDPS) एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। अदालत ने उन्हें 3 जून तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस अब इस नेटवर्क के पीछे के बड़े गिरोह और सप्लाई चेन की जांच में जुटी है। इस कार्रवाई को मुंबई में ड्रग्स के खिलाफ एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।
From BMC updates, local area developments, railway station news, and crime reports to the latest in politics, sports, Bollywood, lifestyle, travel, and education, we bring you news that’s relevant, reliable, and real-time
Undercover Editor © 2025 – Designed by iCreato